Saturday, November 7, 2026

भूले-बिसरे लोग

 

                                                      एक थे दिलीप जी!

यह नाम एक काठ की कुर्सी की छवि के साथ याद आता है। सीमेंट के जर्जर रोड जिसके बीचोंबीच नाले का आधा खुला टूटा ढक्कन होता था और जो रास्ता आगे जाकर एकदम संकरी गली से होकर बड़े से मैदान की ओर खुलता था। यूनिक स्कूल जहां आंगन में तिरंगा झंडा के लिए गोलाकार सीमेंटेड संरचना बनी थी और दरवाजा टाट का था, उससे ठीक सटे थोड़ा पहले एक बिना प्लास्तर का घर था। उस घर के बाहर काठ की एक कुर्सी थी, वहीं थे दिलीप जी। वह कौन थे, उनका हमारे यहां से क्या संबंध था, वह भैया से परिचित थे, पापाजी से या दीदी से पता नहीं लेकिन कोई थे वह।

काठ की कुर्सी के बाद जो दूसरी छवि आती है वह होती है एक कप चाय की। तब एक चायछन्ना हुआ करता था जो पुराना पड़ते-पड़ते बहुत पुराना पड़ गया था और चाय की कुछ कपें हुआ करती थीं जो पहचान में आ जाती थी। जैसे कि पापाजी को बिना चीनी वाली चाय दी जाती थी और उनके चाय को अलग कप में रखा जाता था या फिर वहां पर उनको इशारा कर दिया जाता था कि यह बिना चीनी वाला है। मुझे याद है एक बार ऐसा हुआ था कि चाय वाला पापाजी ने पी लिया और बिना चाय वाला मेहमान ने ले लिया। यह भूल और भी बार हुई होगी।




बहरहाल, दिलीप जी आते थे तो उनके लिए चाय आती थी। मां चाय बनाती थी। परदे से पीछे से चाय की आवाज और फिर मेरा चाय लेकर जाना। पूरा का पूरा दौर बहुत पीछे चला गया। किसी के आने पर चाय के लिए कहना और फिर उसी वक्त पता चलना कि चीनी नहीं है, दूध नहीं है या फिर चायपत्ती नहीं है। पापाजी खीझ जाते थे कि जब कोई आता है तभी बोलते हैं, पहले क्यूं नहीं बोले। चाय के साथ दालमोट हुआ करता था। जब कोई मेहमान दालमोट से मना कर देते तो वह दालमोट अपने हाथ आ जाता। दालमोट के बाद घर थोड़ा अपग्रेड हुआ और मूंग दालमोट प्रचलन में आया। छोटे से प्लेट में मूंग दालमोट और गुड-डे, ब्रिटेनिया और कोई और बिस्किट सजा कर म्यूजिक सिखाने आने वाले गुरू को देना अभी भी पूरी तरह से स्मृति से ओझल नहीं हुआ है। तब मूंग दालमोट बड़ी बात थी हमलोगों के लिए। 

दिलीप जी कौन थे, पता नहीं। अब पूछें भी किससे। पिताजी आज होते तो उनसे जरूर पूछता कि कौन थे दिलीप थी, कौन था मंगरू और कौन थे वे लोग जो भूला दिये गए। क्या उनसे एक बार फिर मुलाकात हो सकती है। क्या उन्हें चाय पीने के लिए वापस बुला सकते हैं हमलोग और फिर क्या वह काठ की कुर्सी अब भी कहीं टूटी-फूटी पड़ी होगी।

इस दुनिया से चले जाते वक्त जब आखिरी क्षण पूरा जीवन आंखों के सामने से घूमता है तो क्या वह काठ की कुर्सियां भी घूमेंगी जिन्हें एक के पीछे एक करके मैं कभी रेलगाड़ी बनाता था दरवाजे पर अकेले-अकेले, जब कोई मेरे साथ खेलने के लिए नहीं होता था। आज गन्नू भी अकेले ही खेलता है। क्या पापाजी भी ऐसे ही रहे होंगे और दादाजी भी!


No comments:

Post a Comment