Sunday, December 31, 2023

अंतरात्मा

 

                                                        फिफ्टी शेड्स ऑफ ग्रे

यह फिल्म पहली बार में बस फैंतसी केंद्रित लगी थी। जिसमें कि तमाम मुद्राएं थी, कौमुकता भरी घटनाएं थीं, उत्तेजित करने वाले इशारे आदि थे। करीब दो-तीन साल पहले टुकड़ों में देखी गई यह फिल्म आज अचानक छू जाएगी ऐसा तो कभी सोचा ही नहीं था।

कुछ दिन पहले बहुत बोर हुआ तो कुछ दिलचस्प फिल्में देखने की तलब जगी। नेटफ्लिक्स का सबस्क्रिप्शन लेने के बाद कई तरह की फिल्में स्क्रीन पर तैरने लगी। ऐसे में अचानक यह फिल्म भी नजर से टकराई। यादें ताजा करने के लिए जैसे ही इसे प्ले किया तो फिल्म हिंदी में शुरू हुई। यह अनुभव अच्छा था। लगा शायद फिल्म को समझने का अच्छा मौका है तो इसे देखने लगा।

31 दिसंबर की देर रात तक यह फिल्म देखी और पहला हिस्सा खत्म किया। फिल्म को लेकर पहले वाला नजरिया एकदम हवा हो गया। ग्रे से सहानुभूति हो गई। फिर ग्रे के व्यवहार में उसकी पूरी पृष्ठभूमि दिखने लगी। महसूस होने लगी। मामला यहां तक बढ़ गया कि मैंने अपने नितांत निजी ईमेल आईडी को खोलकर उससे दो अलग-अलग मेल नए साल के पहले दिन की ऑफिस से कर दिये। अजीब है! ऐसा क्या हुआ और क्यूं हुआ यह मैं किसी से बता सकता तो सच में नया साल का पहला दिन कितना अच्छा हो जाता!




बचपन का घाव बाद में चलकर कितना बड़ा नासूर बन जाता है न! हिंसा, अपमान, दुत्कार, तिरस्कार, घृणा, क्रोध ये सब जो बचपन में छोटी-मोटी घटनाएं लगती है किसी पुरूष या महिला को किस हद तक तोड़ डालती है ये इसे समझने के लिए कोई चाइल्ड अब्यूज से गुजरा व्यक्ति इस फिल्म को देख सकता है।

चाइल्ड अब्यूज एक निहायत ही घिनौनी चीज है जो कई मध्यवर्गीय परिवार में होती है। चूंकि मैं ऐसे ही एक परिवार में पला-बढ़ा तो मुझे क्रिश्चियन ग्रे की आदतों और शौकों को लेकर ज्यादा आश्चर्य नहीं हुआ। फिल्म को हिंदी में देखने के बार क्रिश्चियन ग्रे को लेकर मेरी सोच बिल्कुल बदल गई खासकर उस डायलोग के बाद जिसमें ऐना उससे पूछती हू कि क्या वह वहां छू सकती है...ये जले का निशान है!

मारपीट से निकला हुआ व्यक्ति प्यार को लेकर कितना पागल और सनकी हो जाता है। यह संयोग ही था कि अपनी जिंदगी के एक हिस्से में मैं चाइल्ड अब्यूज से सामना कर चुकी एक लड़की से भी मिला था। बातचीत में कई लड़कियों ने ऐसी बात कही थी मुझे कि उसके साथ चाइल्ड अब्यूज हुआ था। मैंने यह महसूस किया कि चाइल्ड अब्यूज से गुजरे हुए लोगों में एक तरह की सनक होती है। पागलपर सवार होता है। जिद हावी होती है और भावनाएं बहुत असंतुलित होती है उनकी। असंतुलित मतलब कभी तो वे इतने भावनात्मक हो जाते हैं कि उनसे किसी को भी बेइंतहा प्यार हो जाए और कभी-कभी वे इतने कठोर और निर्दयी हो जाते हैं कि बस सामने वाला खुद को उसके संपर्क में आने के लिए खुद को कोसने लगता है।

"आपका प्यार सबसे अच्छा है और उसे मिलेगा जो खुशकिस्मत होगी लेकिन आप जब टेंशन देते हैं तो इतना देते हैं कि कोई आत्महत्या भी कर सकती है।"

जीवन की अपनी अनगिनत चुनौतियां होती हैं लेकिन वे चुनौतियां सबसे कठिन होती हैं जो किसी से बताई नहीं जा सकती। इंट्रोवर्ट कभी खुलते हैं तो बहुत ज्यादा खुल जाते हैं और कभी बंद होते हैं तो साइको किलर जैसे हो जाते हैं। ग्रे को ऐना मिल गई और ऐना को ग्रे मिल गया शायद इसलिए कि ऐना का कोई पास्ट नहीं था। ऐना ने जब ये बात ग्रे को बताया तो ग्रे के चेहरे पर दूसरा भाव जगा और उसने उस वक्त ऐना को जैसे चूमा वह असाधारण समर्पण था।

ईश्वर की मेहरबानी होती है ऐसे लड़कों की झोली में एक ऐना को डालना। इस मामले में मैं खुशकिस्मत रहा!


No comments:

Post a Comment